पौड़ी। पौड़ी जिले में ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से पौड़ी में प्रशिक्षण सह-सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों और प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण के लिए सकारात्मक सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें पंचायतों को अधिक वित्तीय अधिकार प्रदान करने, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गांव, विकास की मूल इकाई है और राज्य की प्रगति का आधार ग्रामीण क्षेत्र ही हैं। उन्होंने पंचायतों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब ग्राम स्तर पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, साक्षरता और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों को ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें।