आगरा से घूमने आया 15 वर्षीय किशोर गंगा में लापता, तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ

ऋषिकेश। ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। आगरा से घूमने आए 15 वर्षीय किशोर अंश परमार गंगा के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। किशोर अपने स्कूल शिक्षक और अन्य बच्चों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें किशोर की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को संत सेवा आश्रम के समीप स्थित नाव घाट पर एक किशोर के गंगा में बहने की सूचना मिली। बताया गया कि उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के रोहता निवासी अंश परमार अन्य बच्चों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा की तेज लहरों की चपेट में आकर बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना देकर संयुक्त बचाव अभियान शुरू कराया। किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की डीप डाइवर्स टीम गंगा में उतरकर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही है। लगातार प्रयासों के बावजूद किशोर का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दिन-रात उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। इस घटना ने एक बार फिर गंगा के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की आवश्यकता को उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *