ऊधमसिंह नगर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए ऊधमसिंह नगर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक 169 नमूने लिए गए, जिनमें 101 की रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें 46 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। विभाग अब तक 49 प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करा चुका है। जांच में दूध और दूध से बने उत्पादों के अलावा मिठाई, तेल, मसाले, बेकरी उत्पाद, दाल और चिकन बिरयानी के नमूने भी अधोमानक पाए गए हैं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा आर्य ने कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है। विभाग का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ऊधमसिंह नगर में खाद्य पदार्थों के 46 नमूने फेल