देहरादून। देहरादून के परेड ग्राउंड में चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ठौउड़ा महोत्सव-2026 का शुभारंभ हो गया है। 24 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस महोत्सव में उत्तराखंड की जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊंनी और रवांई की संस्कृति के साथ गोरखाली और पंजाबी परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है। महोत्सव के शुभारंभ पर सांस्कृतिक एवं स्वच्छता रैली निकालकर नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया गया। रैली में भगवान राम और मां नंदा-सुनंदा की आकर्षक झांकियों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में लोक कलाकार शामिल हुए।
आयोजकों का कहना है कि महोत्सव का उद्देश्य लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। त्रिकोण संस्था की निदेशक नेहा शर्मा ने बताया कि इस बार कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से अभियान से जोड़ा जा रहा है। इसके जरिए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और नशामुक्त उत्तराखंड के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।