चम्पावत। चम्पावत जिले के बनबसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब ढ़ाई हज़ार नशीले कैप्सूल और टैबलेट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान कार से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गईं। मौके से चार हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के महोलिया गांव निवासी 35 वर्षीय विक्रम सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद नशीली दवाओं को कब्जे में लेकर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।