लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप प्रदेश में मंडी व्यवस्थाओं को प्रभावी, पारदर्शी, स्वच्छ, अतिक्रमणमुक्त एवं किसान-केंद्रित बनाने के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में निदेशक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उ०प्र०, लखनऊ श्री जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में नवीन मंडी स्थल, सीतापुर रोड, लखनऊ में विशेष सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। मंडी सचिव श्री सुभाष सिंह के स्वयं के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान मंडी परिसर में वर्षों से अराजक तत्वों द्वारा नालियों के ऊपर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। साथ ही, चोक नालियों की सफाई कराते हुए जल निकासी की व्यवस्था को सुचारु किया गया। इससे मंडी परिसर में स्वच्छता एवं आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा किसानों और व्यापारियों को सुविधा प्राप्त होगा |अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पूर्व व्यापारियों एवं किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिन्हित स्थानों पर लगातार दो दिनों तक लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की घोषणा की गई।
इसके उपरांत संबंधित व्यापारियों को अवैध कब्जे स्वयं हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए। अभियान के दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने तथा घेराव का प्रयास किया गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की सहायता से मंडी सचिव द्वारा मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया गया और अभियान को सुचारु रूप से जारी रखा गया।निदेशक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उ०प्र०, श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मंडी परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
मंडी परिसरों में किसानों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुचारु आवागमन एवं जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।