‘साथिया’ कार्यक्रम के तहत निःशुल्क मिलेगा होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण और रोजगार

चमोली। उत्तराखंड के युवा सरकार के ‘साथिया’ कार्यक्रम के तहत निःशुल्क होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण प्राप्त कर रोज़गार पा सकते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं रोजगार उपलब्ध कराकर आतिथ्य उद्योग में सफल करियर के लिए तैयार करना है।

चमोली की सेवायोजन अधिकारी अर्चना सजवान ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के लिए 18 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 10वीं उत्तीर्ण या उससे अधिक शिक्षित युवक एवं युवतियां आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को दिल्ली, बेंगलुरु में दो माह का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें उनके रहने और खाने की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी। इसके बाद देश के प्रतिष्ठित होटलों में तीन माह की इंटर्नशिप कराई जाएगी और प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को फूड एंड बेवरेज सर्विस, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग ऑपरेशंस तथा फूड प्रोडक्शन (किचन) सहित विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग का चयन अभ्यर्थी के संचार कौशल, व्यक्तित्व एवं चयन परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत पांच वर्षों तक करियर सपोर्ट, उच्च शिक्षा के लिए 30 हज़ार रूपए तक की छात्रवृत्ति सहायता, नौकरी परिवर्तन, पदोन्नति एवं विदेश में रोजगार के अवसरों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण शुल्क पूर्णतः निःशुल्क है। पंजीकरण शुल्क की रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि किश्तों में जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, साथ ही अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 79-99-251-606, मॉडल करियर सेंटर, सहसपुर, देहरादून या mccsahaspur@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *