एक से निकाह किया, दूसरी युवती से आर्य समाज में की शादी

रुद्रपुर।  विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी युवती से शादी का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, फरवरी में उससे निकाह किया। मार्च में दिल्ली में आर्य समाज में दूसरी युवती से शादी कर ली। विरोध करने पर फोन पर ही तीन तलाक बोल दिया। ससुरालजनों से शिकायत की तो वे भी पति के समर्थन में बोलते हुए उससे गाली गलौज करने लगे। पुलिस ने तहरीर पर पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अनम निवासी वार्ड छह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 फरवरी को उसी के वार्ड निवासी जीशान से उसका निकाह हुआ। उसका पति दिल्ली में काम करता था। शादी के आठ दिन बाद वह दिल्ली लौट गया। बकरीद पर वह घर आया तो उसे मायके छोड़कर वापस लौट गया। जानकारी मिली कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध हैं। उसने ससुरालजनों को जानकारी दी। ससुरालजनों ने उसे चुप रहने की हिदायत दी। अनम ने आरोप लगाया कि उसके पति जीशान ने दिल्ली निवासी युवती से 20 मार्च को आर्य समाज में विवाह कर लिया। जब उसने पति से फोन पर विरोध जताया तो उसने तीन बार तलाक बोलकर फोन काट दिया। ससुरालजनों से बात की तो वे भी अपने बेटे के समर्थन में बोलने लगे।

पुलिस ने तहरीर पर पति जीशान सहित परवीन बेगम, फईम, रिजवान, दानिश, रहमत जहां, वाहिद खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *