चमोली की नीती घाटी में 31 मई से 2 जून तक जा रहा नीति-एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन

चमोली। चमोली की नीती घाटी में 31 मई से 2 जून तक नीति-एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें देश-विदेश के 1 हजार से अधिक धावक हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय सेना के सहयोग से उत्तराखंड पर्यटन विभाग ये आयोजन कर रहा है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस दौड़ का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना है। दुर्गम हिमालयी घाटियों में आयोजित हो रही ये दौड़ खेल, पर्यटन, संस्कृति और विकास सबको साथ जोड़ती है। इस अल्ट्रा रन में विभिन्न श्रेणियों 75 किमी, 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की दौड़ आयोजित की जा रही है। जिससे पेशेवर एथलीट्स के साथ-साथ शौकिया धावकों को भी भाग लेने का अवसर मिल रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में आयोजित यह दौड़ प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और सहनशक्ति की वास्तविक परीक्षा है। कम ऑक्सीजन स्तर, ऊँचाई, कठिन मार्ग और अनिश्चित मौसम इसे देश के सबसे चुनौतीपूर्ण आयोजनों में से एक बनाते हैं। जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड ने दौड़ में हिस्सा लेने के लिए देश-दुनिया से आने वाले धावकों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि इस आयोजन के लिए सेना से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा के सभी उपाय पूरे कर लिए गए हैं।

यह आयोजन “वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज” जैसी राष्ट्रीय पहलों के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। अल्ट्रा रन में भाग लेने के लिए धावक नीति घाटी पहुंचना शुरू हो गए है। भारत-तिब्बत सीमा के निकट स्थित नीति घाटी अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, ऊँचे पर्वतों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जानी जाती है। लंबे समय तक यह क्षेत्र अपनी भौगोलिक दुर्गमता और सीमित बुनियादी सुविधाओं के कारण मुख्यधारा के पर्यटन से दूर रहा है। ऐसे में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन जैसे आयोजन इस क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *