सतपुली। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज पौड़ी गढ़वाल के राजकीय महाविद्यालय सतपुली में कालेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए स्थायी एवं सुदृढ़ आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा था, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि कालेज को अपना स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें यहीं पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिये सरकार ब्लॉक स्तर पर बेहतर शिक्षण संस्थान खोल रही है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ रावत ने अपने भ्रमण के दौरान सतपुली स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवनिर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध पूर्णता को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।