उत्तराखंड में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती

देहरादून। उत्तराखंड में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिन विद्यालयों में छात्र संख्या कम है और शिक्षक अधिक तैनात हैं, वहां से शिक्षकों का समायोजन उन स्कूलों में किया जाएगा, जहां शिक्षकों की कमी है। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर विद्यालयों में खेल मैदान विकसित करने की योजना है। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में भूमि उपलब्ध कराएगा। योजना को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच एमओयू किया जाएगा। मंत्री ने विभागीय योजनाओं को समय पर पूरा करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *